: बिहार में महागठबन्धन की सरकार बनी तो महिलाओं को 500 रुपये में मिलेगा गैस सिलेण्डर-तेजस्वी यादव
Admin
Mon, Mar 3, 2025
पटना। 3 मार्च ।(डी एन एन)। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने रविवार को राजधानी पटना में वीरचंद पटेल स्थित राजद प्रदेश दफ्तर के कर्पूरी सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुये कहा कि वो कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद यात्रा के दौरान आठ हजार पंचायत प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया और सभी 38 जिलों में महिलाओं से भी संवाद की है। उन्होंने आगे कहा कि संवाद यात्रा के क्रम में जो फीडबैक मिला और जो अनुभव किया, उससे पता चलता है कि बिहार की महिलायें, मजदूर और गरीब सबसे अधिक महंगाई से परेशान व तंग हो रहे हैं। इसी सब मामले को देखते हुये हमने माई-बहिन योजना के तहत 2500 रूपये प्रतिमाह महिलाओं को आर्थिक न्याय के लिये देने की घोषणा की है। इसके अलावा वृद्धावस्था, दिव्यांगिता और विधवा पेंशन की राशि को 400 से बढ़ाकर 1500 रूपये किये जाने की घोषणा की है।
उन्होंने यह भी ऐलान किया है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो सभी महिलाओं को 500 में गैस सिलेंडर मिलेगा। इस दौरान तेजस्वी यादव बिहार के सीएम नीतीश कुमार से ज्यादा देश के पीएम नरेंद्र मोदी और बिहार भाजपा के नेताओं पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि 17वीं बिहार विधानसभा में 2025-26 का बजट पेश होना है। 20 वर्ष से बिहार में एनडीए समर्थित नीतीश सरकार है। साथ ही, 10 वर्ष से डबल इंजन की सरकार है। लेकिन, आज भी बिहार प्रति व्यक्ति आय, किसानों की आय, निवेश में सबसे पीछे है। बिहार को अब न्यू मॉडल की जरुरत है। जिससे की सूबे का तेजी से विकास हो सके।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन, एजाज अहमद, प्रमोद सिन्हा, सारिका पासवान, ऋषि मिश्रा, मुख्यालय प्रभारी श्रीमती मुकुंद सिंह, युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव, राजद महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल, प्रदेश महासचिव प्रमोद कुमार सिन्हा सहित अन्य राजद नेता मौजूद थे।
विज्ञापन
